लघुशंका के लिए द्वितीय तल की छत पर गया था युवक, ओस से फिसलन के कारण हादसे की आशंका।
अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के बरियारपुर अधियौना गांव में बुधवार रात दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। खाना खाने के बाद लघुशंका के लिए द्वितीय तल की छत पर गया युवक अचानक पैर फिसलने से नीचे जा गिरा। गंभीर हालत में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बरियारपुर अधियौना निवासी दुर्गा प्रसाद गौतम बुधवार रात खाना खाने के बाद अपने भतीजे के साथ सोने के लिए लेटे थे। रात करीब 10 बजे वह लघुशंका के लिए उठकर द्वितीय तल स्थित छत पर गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरे। गिरने की तेज आवाज सुनकर साथ सो रहा भतीजा शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दुर्गा प्रसाद को तत्काल सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार रात छत पर ओस जमने से फर्श पर काफी फिसलन थी। आशंका है कि इसी वजह से दुर्गा प्रसाद का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरे। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दुर्गा प्रसाद टेंट व्यवसाय से जुड़े थे और शादी-विवाह सहित विभिन्न आयोजनों में टेंट लगाने का काम करते थे। उनकी शादी हो चुकी थी, लेकिन कोई संतान नहीं थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान अधियौना नकछेद रावत, भाजपा मिल्कीपुर मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक, जिला पंचायत सदस्य बबलू पासी समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को खबर लिखे जाने तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी, जिसके चलते शव घर नहीं पहुंचा था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
