नासा के ड्रैगनफ्लाई मिशन में निःशुल्क भेजें अपना नाम, मिलेगा डिजिटल बोर्डिंग पास

0Shares

 

निःशुल्क, अंतरिक्ष में जायेगा, आपका भी नाम। क्या आप हैं तैयार !

लखनऊ। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने दुनियाभर के लोगों के लिए एक अनूठा अवसर खोला है, जिसमें कोई भी व्यक्ति अपना नाम, शनि ग्रह के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन की ओर जाने वाले ड्रैगनफ्लाई मिशन में शामिल करा सकते हैं। इसके लिए नासा ने ‘सेंड योर नेम टू टाइटन अबोर्ड नासा’ ड्रैगनफ्लाई मिशन’ नाम से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया है। पंजीकरण करने वाले प्रतिभागियों के नाम ड्रैगनफ्लाई अंतरिक्ष यान पर लगाए जाने वाले माइक्रोचिप में दर्ज किए जाएंगे और उन्हें इस ऐतिहासिक यात्रा की याद में एक व्यक्तिगत डिजिटल बोर्डिंग पास भी निःशुल्क मिलेगा।
खगोलविद अमर पाल सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह डिजिटल बोर्डिंग पास कोई भौतिक टिकट नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष मिशन से जुड़ने का प्रतीकात्मक स्मृति-चिह्न है। इसके माध्यम से किसी व्यक्ति को टाइटन पर भौतिक रूप से नहीं भेजा जाएगा बल्कि उनका केवल नाम जायेगा।खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि नासा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार स्पष्ट है कि यह पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है और कोई भी प्रतिभागी अपना नाम भेज सकता है साथ ही इसके लिए किसी प्रकार का कोई भी भुगतान भी नहीं करना है।

नाम कैसे जमा करें?

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि नासा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नाम जमा करने के इच्छुक व्यक्ति, नासा के आधिकारिक पृष्ठ my.nasa.gov/specialevents/s/send-your-name-with-dragonfly पर जा सकते हैं। वहाँ अपना नाम और ईमेल पता दर्ज करके पंजीकरण किया जा सकता है एवं पंजीकरण के बाद प्रतिभागी को डिजिटल बोर्डिंग पास प्राप्त होगा। ध्यान देने योग्य बात यह भी है कि नासा ने लोगों से केवल नासा की आधिकारिक वेबसाइट से ही पंजीकरण करने की सलाह दी है। नासा ने चेताया है कि किसी तीसरे पक्ष की वेबसाइट पर व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण, भुगतान या अनावश्यक अनुमतियाँ कभी भी न दें। यह भी ध्यान दें कि इस मिशन में निःशुल्क नाम भेजने की यह सुविधा भारत सहित दुनिया के सभी देशों के लोगों के लिए खुली है।

कब तक है निःशुल्क नाम, जमा करने की अंतिम तिथि ?

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि नासा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, नाम जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027, रात 11:59 बजे पूर्वी अमेरिकी समय (EST) है। जबकि भारतीय मानक समय के अनुसार यह समय लगभग 16 जनवरी 2027, सुबह 10:29 बजे तक होगा।

ड्रैगनफ्लाई क्या है?

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि नासा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार ड्रैगनफ्लाई नासा का अत्याधुनिक रोटरक्राफ्ट है, जिसे टाइटन की ठंडी, धुंधली और घनी वायुमंडल वाली सतह पर उड़ान भरने के लिए विकसित किया जा रहा है। यह कार के आकार का रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर (MMRTG) ऊर्जा से चलने वाला यान है, जिसे अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के लॉरेल स्थित जॉन्स हॉपकिन्स एप्लाइड फिजिक्स लैबोरेटरी (APL) में डिजाइन और निर्मित किया जा रहा है। साथ ही एपीएल ही नासा के लिए इस मिशन का नेतृत्व कर रहा है एवं ड्रैगनफ्लाई नासा के न्यू फ्रंटियर्स कार्यक्रम का चौथा मिशन है, जिसे नासा के साइंस मिशन डायरेक्टरेट के लिए अलबामा के हंट्सविले स्थित मार्शल स्पेस फ्लाइट सेंटर प्रबंधित करता है।
खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि टाइटन पर गुरुत्वाकर्षण अपेक्षाकृत कम है और वायुमंडल बहुत घना है। इसी कारण ड्रैगनफ्लाई हेलीकॉप्टर या ड्रोन जैसी तकनीक से टाइटन की सतह पर उड़ सकेगा। नासा की आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह अलग-अलग स्थानों पर उतरेगा, नमूने एकत्र करेगा और वैज्ञानिक जांच करेगा साथ ही यह दूसरी दुनिया की सतह पर उड़ने और उसे वैज्ञानिक दृष्टि से एक्सप्लोर करने वाला पहला रोटरक्राफ्ट साइंस मिशन है। अगर उसके प्रक्षेपण की बात करें तो पाते हैं कि प्रक्षेपण जुलाई 2028 में होने की संभावना है
नासा की टीम के अनुसार ड्रैगनफ्लाई का प्रक्षेपण 5 से 25 जुलाई 2028 के बीच फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के फाल्कन हैवी रॉकेट से किया जाएगा और
प्रक्षेपण के बाद यह यान शुक्र और पृथ्वी के पास से गुजरेगा एवं लगभग छह वर्ष की यात्रा के बाद यह दिसंबर 2034 के आसपास टाइटन पर पहुँचेगा वहाँ यह तीन वर्ष से अधिक समय तक मिशन चलाएगा और टाइटन के विभिन्न क्षेत्रों की खोज करेगा।

शनि ग्रह का चंद्रमा, टाइटन इतना महत्वपूर्ण क्यों है।?

खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि टाइटन शनि ग्रह का सबसे बड़ा चंद्रमा है और सौरमंडल की सबसे असाधारण दुनियाओं में से एक है। यहाँ पानी की बजाय तरल मीथेन और इथेन की नदियाँ, झीलें तथा समुद्र पाए जाते हैं। इसकी सतह पर कार्बनिक पदार्थों से बने विशाल टीले और मैदान हैं। टाइटन का वातावरण घना है, जिससे वहाँ रोटरक्राफ्ट को उड़ान भरना संभव हो पायेगा एवं मिशन के उद्देश्यों की बात करें तो पाते हैं कि ड्रैगनफ्लाई का मुख्य उद्देश्य टाइटन की प्राक्-जैविक रसायनविज्ञान, जटिल कार्बनिक यौगिकों, भूविज्ञान, वायुमंडल और संभावित आवासीय परिस्थितियों का अध्ययन करना है। साथ ही दुनियां के ज़्यादातर खगोलवैज्ञानिक मानते हैं कि टाइटन की स्थितियाँ पृथ्वी पर जीवन की उत्पत्ति से पहले की परिस्थितियों से कुछ समानता रखती हैं। इसलिए यह मिशन यह समझने में मदद कर सकता है कि करोड़ों वर्ष पहले जीवन के रासायनिक आधार और आवश्यक शर्तें कैसे विकसित हुई होंगी। और इसी कड़ी में नासा मुख्यालय के साइंस मिशन टीम का कहना है कि ड्रैगनफ्लाई मिशन टाइटन की खोज करेगा और उन जगहों के संकेत ढूंढेगा,जो हमारी दुनिया से सबसे अधिक मिलती-जुलती हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए नासा लोगों को इस जीवन भर के सफर में शामिल करने के लिए उत्साहित है और सभी को इस छोटे, लेकिन शक्तिशाली रोटरक्राफ्ट पर अपना नाम भेजने का निमंत्रण भी दे रहा है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो 2034 में लाखों लोगों के नाम टाइटन पर पहुँचेंगे। यह पहल नासा की वह परंपरा है, जिसके तहत वह जनता को गहरे अंतरिक्ष अन्वेषण से जोड़ती रही है और उनके नाम अंतरिक्ष मिशनों में भेजती रही है।
सरल शब्दों में खगोलविद अमर पाल सिंह ने नासा के इस ड्रैगनफ्लाई मिशन पर अपनी खगोलीय राय देते हुए बताया कि शनि का चंद्रमा ‘टाइटन’ हमारे सौरमंडल की सबसे रहस्यमयी जगहों में से एक है। नासा का ड्रैगनफ्लाई मिशन वास्तव में अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में एक क्रांतिकारी कदम साबित हो सकता है एवं कई अनसुलझे गहरे ब्रह्मांडीय रहस्यों को भी खोल सकता है जोकि मानवीय समझ को पूरी तरह बदल सकता है। इसीलिए इस मिशन में निःशुल्क अपना नाम भेजना और साथ ही में डिजिटल बोर्डिंग पास प्राप्त करना भी अपने आप में बहुत ही रोमांचकारी अनुभव होगा। अतः सभी अंतरिक्ष प्रेमियों को ऐसे मिशन में अपना नाम भेजना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *