कामरूप जिले में दुर्गापूजा तैयारियाँ तेज, आवश्यक सुरक्षा-व्यवस्था पर दिया जोर

0Shares

गुवाहाटी। आगामी दुर्गापूजा को लेकर असम के कामरूप जिले में शांति, सुशासन और सुरक्षा के साथ मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कामरूप जिले के अमिनगांव स्थित एकीकृत जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला आयुक्त आदित्य गोगोई की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बरुआ भी मौजूद रहे। बैठक में अतिरिक्त जिला आयुक्त आदित्य गोगोई ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित रखने का आग्रह किया और सभी आवश्यक अनुमति तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर पंडाल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रमुख निर्देशों में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था, प्रभावी अग्नि-निरोधक इंतजामों की सुनिश्चितता और पंडालों की नियमित सफाई-स्वच्छता बनाए रखने का उल्लेख शामिल था। महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग बैठने और अन्य सुविधाओं का प्रावधान करने, पर्याप्त डस्टबिन रखने और उनका नियमित संचालन सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी गतिविधि से सार्वजनिक असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कार्यक्रम व्यवस्थित व सुरक्षित रूप से संपन्न हों। दुर्घटनाओं से बचने के लिए पंडालों में विद्युत कनेक्शन सही तरीक़े से कराए जाएँ तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बरुआ ने विशेष रूप से रात्रि सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने पूजा समितियों से कहा कि वे संबंधित थानों के साथ नियमित संपर्क कायम रखें और विसर्जन स्थलों की जानकारी पूर्व में पुलिस को प्रदान करें, ताकि आवश्यकतानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। बैठक में चक्र अधिकारी चिरंजीत दास, तुलसी रंजन कलिता, नितुल खटनियार; उप-आरक्षी अधीक्षक टिंकु ज्योति चौधुरी, देवर्षि दास और परिक्षित गोगोई समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा इलाके की कई पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से अपील की है कि वे दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि इस वर्ष का दुर्गापूजा सुसंगठित, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *