सोनीपत। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद स्वच्छता व्यवस्था को लेकर स्वच्छता प्रहरी परिवार लगातार अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को छठे रविवार भी नगर निगम मेयर राजीव जैन के नेतृत्व में श्रमदान कर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सर्वजातीय चौपाल से लेकर ओल्ड रोहतक रोड तक विभिन्न स्थानों पर सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता प्रहरी परिवार के सदस्यों ने खाली पड़े प्लाटों में जमा कूड़े-कचरे को उठवाया। इसके अलावा सड़कों पर लंबे समय से पड़े घरों के मलबे को भी हटवाया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता के साथ-साथ लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिल सके। स्वच्छता प्रहरी परिवार के सदस्यों ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासन या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सफाई अभियान के दौरान स्वच्छता प्रहरी परिवार के सदस्य ओल्ड रोहतक रोड स्थित वृद्धाश्रम में भी पहुंचे। यहां उन्होंने परिसर में श्रमदान कर सफाई की और वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों ने स्वच्छता प्रहरी परिवार के इस सेवा भाव की सराहना की। स्वच्छता प्रहरी परिवार ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता, सेवा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। छठे रविवार को भी बड़ी संख्या में सदस्यों ने श्रमदान कर यह संदेश दिया कि परिस्थितियां कैसी भी हों, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास कूड़ा न फैलाएं, खाली प्लाटों में कचरा न डालें और घरों से निकलने वाले मलबे को सार्वजनिक स्थानों पर न डालें। सभी नागरिक मिलकर सहयोग करें तो सोनीपत को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। इस अवसर पर स्वच्छता प्रहरी परिवार के मास्टर दिलबाग सिंह ,सुरेश वत्स ,हवा सिंह आंतिल, जगत सिंह , आनंद दहिया, बिजेंद्र सिंह, विनोद कोच, पार्षद सुनीता ब्रह्मप्रकाश राठी , ईश्वर सिंह कौशिक, राकेश कुमार, मुकेश कुमार , प्रवीन चावला, संदीप बतरा के साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
