कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उप डाकघर का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, जर्जर भवन की मांगी रिपोर्ट

0Shares

देवरिया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उप डाकघर की जर्जर हालत को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डाकघर भवन की स्थिति, साफ-सफाई, रख-रखाव और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं का गहन जायजा लिया। भवन के पूरी तरह जर्जर होने की पुष्टि के बाद उन्होंने पोस्टमास्टर से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उप डाकघर का यह भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जिसे पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने आम जनता और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए निर्देश दिया कि डाकघर को कुछ समय के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
भवन को दोबारा उपयोग के लायक बनाने के लिए इसके सुदृढ़ीकरण (स्ट्रेंथेनिंग) का एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि भवन की स्थिति का तकनीकी परीक्षण कराने के बाद आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्थान परिवर्तन या मरम्मत कार्य के दौरान नागरिकों को मिलने वाली डाक सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे परिसर में नियमित स्वच्छता और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने को कहा।
इस निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित विभागों के तमाम अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *