पंडालों में अश्लील गानों व शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध।
पुलिस लाइन में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में डीएम और एसपी ने की धर्मगुरुओं के साथ समीक्षा।
देवरिया। आगामी शारदीय नवरात्रि, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के पावन त्योहारों को जनपद में शांति, सौहार्द और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में सेंट्रल पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के सभी धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि देवरिया की गंगा-जमुनी तहजीब हमेशा से मिसाल रही है। सभी नागरिकों को दूसरों की भावनाओं को आहत किए बिना आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने जनता से पुरजोर अपील की कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध या भ्रामक सूचना मिलती है, तो उसकी जानकारी तुरंत जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
सड़क किनारे पंडाल लगाने पर रोक, सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जनपद में लगभग 3500 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए जाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से सभी पूजा समितियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
अनुमति : जिन समितियों ने अब तक लिखित अनुमति नहीं ली है, वे तत्काल संबंधित अधिकारी से परमिशन लेकर शर्तों का पालन करें।
सुरक्षा उपाय : पंडालों के निर्माण में अत्यंत ज्वलनशील वस्तुओं का प्रयोग न किया जाए। हर पंडाल में पर्याप्त मात्रा में रेत, पानी और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य होगा।
प्रवेश और निकास : भीड़ नियंत्रण के लिए पंडालों में प्रवेश और निकास के रास्ते अलग और चौड़े होने चाहिए। साथ ही महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें लगाई जाएं।
सख्त पाबंदी : सड़क के किनारे कोई भी पंडाल नहीं लगेगा। पंडालों में अश्लील गाने बजाने, आर्केस्ट्रा आयोजित करने और किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान पूरे जिले में पुलिस बल की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। सभी प्रमुख चौराहों पर पिकेट तैनात कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों या भ्रामक फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर सीधे जेल भेजा जाएगा।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए जिले भर में एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमें पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों पर महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, पंडालों या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का शस्त्र प्रदर्शन पूर्णतः वर्जित रहेगा। यदि किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बिजली और नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को वीआईपी ड्यूटी मोड पर काम करने के निर्देश दिए हैं। विद्युत विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे विसर्जन मार्गों का मौका मुआयना कर लटके हुए जर्जर तारों और खंभों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराएं ताकि विसर्जन के समय कोई हादसा न हो। सभी अधिशासी अधिकारियों को त्योहारों के दौरान साफ-सफाई और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण/शहरी), समस्त क्षेत्राधिकारी थाना व चौकी प्रभारी और नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
