बघौचघाट (देवरिया)। ऑनलाइन जालसाजों के खिलाफ देवरिया पुलिस की मुहिम के तहत बघौचघाट थाने की साइबर हेल्प डेस्क को सोमवार को एक और सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पीड़ितों की कुल ₹16,164 (सोलह हजार एक सौ चौसठ रुपये) की ठगी गई राशि एमआरएम पोर्टल के माध्यम से उनके खातों में वापस करा दी है।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फ्रॉड की रकम को होल्ड कराया और पीड़ितों को रिफंड दिलाया। इसके तहत बघौचघाट के रामनगर टोला जानकी नगर निवासी पीड़ित अनिल कुमार चौरासिया के ₹10,000 तथा दुलार पट्टी निवासी सोनू यादव के खाते से उड़े ₹6,164 वापस कराए गए हैं। इस सराहनीय कार्य में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संकल्प सिंह राठौर और कांस्टेबल अवधेश कुमार पटेल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर बिना देर किए तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
