बरहज तहसील के कपरवार पुल पहुंचे डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजित आर. शंकर

0Shares

बरहज (देवरिया)। आगामी दुर्गा पूजा उत्सव के समापन और मूर्ति विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने संयुक्त रूप से तहसील बरहज के अंतर्गत कपरवार पुल स्थित मुख्य मूर्ति विसर्जन स्थल का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल पर व्यापक साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), मजबूत बैरिकेडिंग, नावों की तैनाती और कुशल गोताखोरों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी में केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थान पर ही मूर्तियों का विसर्जन कराया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बरहज और अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *