वाराणसी में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव; ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से हुई थी गंभीर रूप से घायल।
सगड़ी (आजमगढ़)। रौनापार थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार शाम करीब पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव पैतृक गांव बातन पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बातन गांव निवासी 48 वर्षीय प्रमिला देवी बीते बुधवार को अपनी बेटी गरिमा के साथ स्कूटी से बाजार गई थीं। इसी दौरान स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद मां-बेटी स्कूटी को पैदल लेकर अंजुआ स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रही थीं। तभी रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक बस को रोककर हंगामा किया, जिसके चलते सड़क पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही, लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रमिला देवी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
