एचआईवी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चिकित्साधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

0Shares

देवरिया, । राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एचआईवी सेवाओं को बेहतर बनाने और जिला स्तर पर कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के धन्वंतरि सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके सिन्हा ने की। इसमें चिकित्साधिकारियों को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय से पहचान, जांच और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
सीएमओ डा. एसके सिन्हा ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य चिकित्साधिकारियों को राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के लक्ष्यों, रणनीतिक प्राथमिकताओं और जिला स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि एचआईवी सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाने के साथ मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है।
मास्टर ट्रेनर डा. नीतू गुप्ता ने प्रशिक्षण के दौरान एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव रोकने और उनके अधिकारों के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही चिकित्साधिकारियों को एचआईवी की रोकथाम, शीघ्र जांच, उपचार, एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (एआरटी) से मरीजों को जोड़ने तथा वायरल लोड की निगरानी के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला में एचआईवी और टीबी सेवाओं के एकीकरण, मरीजों के रेफरल और नियमित फॉलोअप की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। कैपेसिटी बिल्डिंग एक्सपर्ट राजीव रंजन, कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफिसर नीरज श्रीवास्तव, दिशा टीम के क्लस्टर कार्यक्रम प्रबंधक डा. नीतीश राय और सीएसओ उपेंद्र ने विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला के अंत में प्रशिक्षण के प्रभाव का आकलन करने के लिए पोस्ट-ट्रेनिंग असेसमेंट किया गया और प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया। चिकित्साधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे जिला स्तर पर एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान एसीएमओ डा. अजीत सिंह, डीटीओ डा. राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डा. अश्विनी पांडेय, डा. हरेंद्र कुमार, डा. आरपी यादव, डा. संजय गुप्ता, डा. रंजीत कुशवाहा, सहयोगी संस्था सीफार के जिला प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, किरण, बृजेश, अफजल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *