देवरिया, । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को राजकीय आइटीआइ परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 144 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें 138 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ, जबकि छह मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इस दौरान वैवाहिक रस्मों के बीच नवदंपतियों के चेहरों पर खुशी झलकी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं सफल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में देवरिया सदर के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रितू शाही और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। समारोह में विभिन्न समुदायों के जोड़ों ने अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिलती है सहायता
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें विवाहित कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि दी जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि शेष 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता देना और सामूहिक विवाह समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है और विवाह का आयोजन सामूहिक रूप से किया जा सकता है।
ये रहे मौजूद
समारोह में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, उपायुक्त मनरेगा, उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार देवरिया सदर, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), गोरखपुर तथा खंड विकास अधिकारी देवरिया सदर, रुद्रपुर और भलुअनी मौजूद रहे। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष राजन यादव, सामाजिक कार्यकर्ता रमिता जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
