देवरिया, । पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गुरुवार को नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ के गठन की घोषणा कर दी। उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने के साथ ही मिर्जापुर सदर सीट से खुद चुनाव लड़ने का एलान किया।
दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में पार्टी की प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि नीतियों के केंद्र में आम जनता होगी। उन्होंने तीन प्रमुख वचन रखे। पहला, नीतियां बनाने में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना। दूसरा, पहचान के बजाय वास्तविक जरूरतों के आधार पर फैसले लेना और तीसरा, सरकार को पूरे पांच साल जनता के प्रति जवाबदेह बनाए रखना।
2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल देवरिया, संतकबीरनगर और मिर्जापुर समेत विभिन्न जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। मिर्जापुर में जिलाधिकारी रहते हुए दूरस्थ गांवों में पेयजल पहुंचाने की पहल को लेकर भी वह चर्चा में रही थीं। अब नई पार्टी के गठन के साथ उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा है।
