चौकी प्रभारी ने दी महिला सशक्तिकरण की जानकारी।
लालगंज (आजमगढ़)। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सरुपहा लालगंज की छात्राओं ने शुक्रवार को पुलिस चौकी लालगंज का भ्रमण कर चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ पांडेय से किया संवाद। इस दौरान छात्राओं ने चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ पांडेय से विशेष संवाद किया और पुलिस की कार्यप्रणाली के साथ-साथ अपनी सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।संवाद के दौरान चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ पांडेय ने बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण के महत्व और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।उन्होंने छात्राओं को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सहायता सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930—की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि निडर होकर अपनी शिक्षा पूरी करें और किसी भी असुविधा या संकट के समय तुरंत पुलिस की मदद लें।इस अवसर पर विद्यालय के लेखाकार चंद्रेश भारती,वार्डेन श्रीमती शशि कुमारी आर्या, और अध्यापिका रीता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। पुलिस चौकी पहुंचने वाली छात्राओं में खुशी, स्नेहा, खुशबू, अर्पिता, दिव्या, खुशबू, साक्षी, जिज्ञासा, चांदनी, रागिनी और स्नेहा सहित अन्य बालिकाएं शामिल थीं।इस संवादात्मक कार्यक्रम से छात्राओं में काफ़ी उत्साह देखा गया और उन्होंने पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने का अनुभव प्राप्त किया।
