देवरिया । सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों के कथित उत्पीड़न और पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी-ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के बैनर तले कर्मचारी विकास भवन परिसर में धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाते हुए आंदोलन शुरू किया।
समिति की ओर से 16 और 17 अक्टूबर को दो दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का एलान किया गया है। धरने के माध्यम से कर्मचारी अपनी पांच सूत्रीय मांगों को अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं। समिति का कहना है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। अब देखना होगा कि उनकी मांगों के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर क्या पहल की जाती है।
