चार बेटियों ने संभाली डीएम की सांकेतिक कुर्सी, जनसुनवाई से सीखा अफसर बनने का हुनर

0Shares

प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक की समझी प्रक्रिया

देवरिया, । बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से रूबरू कराने की अनूठी पहल के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट में खास नजारा देखने को मिला। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बैतालपुर की चार छात्राओं ने एक दिन की जिलाधिकारी की सांकेतिक भूमिका निभाई। कलेक्ट्रेट पहुंचीं इन छात्राओं ने न केवल प्रशासनिक कामकाज को करीब से समझा, बल्कि जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी भी हासिल की।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा सात की रानीका पाण्डे, कक्षा आठ की मानवी पटेल व पलक पटेल और कक्षा नौ की रागिनी यादव को प्रशासनिक व्यवस्था समझने का अवसर मिला। अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि जनता की शिकायतों का पंजीकरण कैसे होता है, उन्हें संबंधित विभागों तक कैसे पहुंचाया जाता है और कार्रवाई की निगरानी करते हुए समयबद्ध निस्तारण कैसे सुनिश्चित किया जाता है। छात्राओं ने प्रशासनिक कार्यों से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया।
आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाना उद्देश्य
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव और उचित मार्गदर्शन देना भी जरूरी है। इस तरह की पहल से उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित होती है। प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने से उन्हें जनसेवा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई के महत्व का भी पता चलता है।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल और प्रशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्हें समान अवसर और बेहतर मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम बालिकाओं को बड़े सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य में जिम्मेदार पदों पर पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं।
सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर
मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। प्रशासन की इस पहल से छात्राओं को सरकारी व्यवस्था की कार्यशैली समझने के साथ ही समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका पहचानने का अवसर मिला।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य, अपर उपजिलाधिकारी अखिलेश सिंह यादव, नम्रता सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *