पिड़रा पुल पर मिली चप्पल, एकौना और रुद्रपुर पुलिस ने संभाला मोर्चा
रुद्रपुर (देवरिया)। पिड़रा पुल के पास शुक्रवार सुबह गोरा नदी में एक युवक के डूबने की आशंका से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नदी में किसी व्यक्ति को डूबते देख ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू करा दी।
पिड़रा पुल एकौना और रुद्रपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित है। ऐसे में सूचना मिलने पर दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुल पर एक जोड़ी चप्पल मिलने के बाद आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई।
ग्रामीणों के अनुसार, नदी में डूबने की आशंका जिस व्यक्ति को लेकर जताई जा रही है, उसकी पहचान पचलड़ी निवासी नागेंद्र गौड़ (32) पुत्र राजेंद्र गोंड के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से पहचान की पुष्टि की जा रही है।
युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है। पुलिस नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक के नदी से बाहर निकलने और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
