मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक

0Shares

भाटपार रानी में सेंट जोसेफ स्कूल पहुंची पुलिस टीम, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

भाटपार रानी (देवरिया)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर देवरिया पुलिस की ओर से मिशन शक्ति फेज-6.0 और शक्ति दीदी अभियान के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार और थानाध्यक्ष अभिषेक राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सेंट जोसेफ स्कूल पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान पंपलेट वितरित कर शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा और सहायता के लिए उपलब्ध सरकारी सेवाओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन-1930 के बारे में बताया गया।
इसी क्रम में कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज रोड तथा बनकटा थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव और बनकटा रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। महिलाओं और छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
देवरिया पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *