देवरिया । कम जोत वाले किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें मसाला फसलों की खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए उद्यान विभाग ने पहल की है। शुक्रवार को राजकीय पौधशाला, भुजौली में प्याज और लहसुन के निशुल्क बीज वितरण अभियान का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने किया। पहले चरण में जिले के सात विकासखंडों के 91 किसानों को बीज वितरित किए गए।
एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना और राज्य सेक्टर की योजनाओं के तहत विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकृत किसानों को अनुदान की निर्धारित सीमा में बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों को परंपरागत खेती के साथ प्याज और लहसुन जैसी फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे कम क्षेत्रफल में भी अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिल सके।
घरेलू जरूरत के साथ निर्यात को भी मिलेगा बढ़ावा
बीज वितरण के बाद किसानों को संबोधित करते हुए पं. गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि किसान रबी सीजन में गुणवत्तापूर्ण बीजों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त करें। प्याज और लहसुन की खेती कम जमीन में भी की जा सकती है। इससे किसान घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से मसाला फसलों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने और इनके निर्यात को बढ़ावा देने में योगदान देने की अपील की।
जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त ने बताया कि किसानों को राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एनएचआरडीएफ), नासिक से प्राप्त प्याज की एग्रीफाउंड लाइट रेड और लहसुन की यमुना सफेद-3 प्रजाति के बीज निशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। योजना के तहत 16 बिस्वा क्षेत्र में खेती के लिए निर्धारित अनुदान सीमा के अनुसार बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अक्टूबर में ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को सलाह दी कि मौसम अनुकूल रहने पर खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें। प्याज की नर्सरी डालने और लहसुन की बुवाई के दौरान कृषि संबंधी सावधानियों का ध्यान रखें, ताकि फसल की अच्छी बढ़वार और बेहतर उत्पादन मिल सके।
योजना प्रभारी रणजीत यादव ने बताया कि सात विकासखंडों के 91 किसानों को बीज उपलब्ध कराकर अभियान की शुरुआत की गई है। अक्टूबर माह में योजना के तहत पंजीकृत अन्य किसानों को भी ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर निशुल्क बीज वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रभारी गिरिजा प्रसाद सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
