बरहज (देवरिया)। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को तहसील सभागार बरहज में शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही नए आवेदन कराकर पेंशन से जुड़ी समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) राम जनम को तहसील बरहज का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनके नेतृत्व में आयोजित शिविर में नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुभाष, जिला पंचायत सदस्य अखण्ड प्रताप सिंह और तहसीलदार बरहज मौजूद रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्रमाणपत्र
शिविर में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 15, दिव्यांग पेंशन के 10, दिव्यांगजनों के सहायक उपकरण योजना के पांच, निराश्रित महिला पेंशन के 15 और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति के 20, अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति के 10, सामान्य वर्ग छात्रवृत्ति के 15 और अल्पसंख्यक कल्याण छात्रवृत्ति के 10 लाभार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए गए।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री काशीपति शुक्ल ने कहा कि पेंशन संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लाभार्थियों को विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपने गांव और मोहल्लों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र व्यक्तियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
163 मामले आए, 93 नए आवेदन हुए
शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग से संबंधित 94 मामले आए। इनमें 37 नए आवेदन कराए गए, जबकि 57 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से जुड़े 22 मामलों में 10 नए पेंशन आवेदन कराए गए और 12 का निस्तारण किया गया।
वहीं, जिला प्रोबेशन विभाग से संबंधित 101 मामले प्राप्त हुए। इनमें 32 नए पेंशन आवेदन कराए गए और पेंशन नहीं मिलने से संबंधित 69 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस प्रकार तीनों विभागों से कुल 217 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 79 नए आवेदन कराए गए और 138 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर के अंत में आयोजकों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों के प्रति आभार जताया।
