विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

0Shares

सोनीपत। शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध करवाने की दिशा में विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने रविवार को नगर निगम के विभिन्न वार्डों में कुल 1 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल तोड़कर लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान वार्ड नंबर 17 के कालूपुर गांव में 55 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए सुंदर एवं आकर्षक पार्क का लोकार्पण किया गया।
विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने निगम पार्षद सुनीता भोला के साथ वार्ड नंबर 17 के कालूपुर गांव में 55 लाख रुपये की लागत से तैयार पार्क का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। विधायक निखिल मदान ने बताया कि पार्क को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यहां संसद भवन की प्रतिकृति बनाई गई है, जो पार्क के सौंदर्य को एक विशेष पहचान प्रदान करती है, साथ ही लोकतांत्रिक प्रणाली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य करती है। पार्क में सुंदर एवं आकर्षक फव्वारे लगाए गए हैं। इसके साथ ही लोगों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की गई है तथा बच्चों के मनोरंजन और खेलकूद के लिए झूले लगाए गए हैं। मेयर राजीव जैन ने बताया कि आज वार्ड नंबर 7 के रायपुर गांव स्थित सामुदायिक केंद्र में भी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 47 लाख रुपए की लागत से विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है। इसके तहत सामुदायिक केंद्र के फर्श पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी और भवन की चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने कहा कि सोनीपत के विभिन्न वार्डों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और क्षेत्रवासियों को आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर निगम पार्षद त्रिभुवन कौशिक, निगम पार्षद मुनिराम ठोलेदार, निगम पार्षद सुनीता भोला, मंडल अध्यक्ष नीरज सोनी, पवन प्रधान,बिशन सरोहा, जय किशन शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *