डीएम-एसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त निर्देश

0Shares

नाव, गोताखोर और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

मेहरौना (देवरिया), । मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने लार थाना क्षेत्र के मेहरौना पुल स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन स्थल पर नाव, गोताखोर और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल में आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
डीएम ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहने तथा शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *