देवरिया के आईटीआई में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए फील्ड ट्रेनरों का छह दिवसीय प्रशिक्षण शुरू।
देवरिया। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण “जनसंख्या की गणना” को जनपद में सफल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में गुरुवार को सलेमपुर रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) में फील्ड ट्रेनरों के जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने दीप प्रज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि जनगणना देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण, संवेदनशील और व्यापक प्रक्रिया है। इसी के आंकड़ों पर भविष्य की नीतियां निर्भर करती हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में दी जा रही हर तकनीकी जानकारी को गंभीरता से समझें और निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार ही फील्ड में काम करें। जिलाधिकारी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि जनगणना के कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता और आंकड़ों की गोपनीयता का शत-प्रतिशत ध्यान रखा जाना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यहां प्रशिक्षित होने वाले फील्ड ट्रेनर आगे चलकर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मास्टर ट्रेनिंग देंगे। इससे पूरी जनगणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारु और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सकेगा। जनपद में यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 08 से 10 अक्टूबर 2026 तक और दूसरा चरण 13 से 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनसंख्या गणना की बारीकियां, डिजिटल और मैन्युअल आंकड़ों की सही प्रविष्टि तथा फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में यह प्रशासनिक अधिकारी और ट्रेनर रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान प्रशासनिक अमला और जनगणना से जुड़े विशेषज्ञ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनमें अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव और आईटीआई के प्रधानाचार्य के.के. राम शामिल रहे। वहीं तकनीकी सत्र का संचालन जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि व मुख्य मास्टर ट्रेनर श्रीश मिश्रा, जिला जनगणना कार्यालय के प्रतिनिधि सुरेश चंद्र जायसवाल, संतोष कुमार विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार, विनय कुमार और अखिलेश ने किया। इस दौरान फील्ड ट्रेनर जय प्रकाश यादव, दीपक प्रजापति, अशोक कुमार, गोविंद मिश्रा, ओमप्रकाश सहित जनपद भर से आए सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
