भटनी पुलिस की तत्परता से वापस लौटे आधे रुपये, पीड़ित के चेहरे पर लौटी मुस्कान

0Shares

भटनी (देवरिया)। ऑनलाइन ठगी के बढ़ते जाल के बीच देवरिया पुलिस की साइबर सेल ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को बड़ी राहत दी है। साइबर ठगों का शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते से उड़े 40 हजार रुपयों में से 20 हजार रुपये भटनी पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए वापस करा दिए हैं। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर पीड़ित के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है और उसने पुलिस टीम की सराहना की है।
मामला भटनी थाना क्षेत्र के बलुआ अफगान गांव का है। यहां के निवासी राकेश साहनी पुत्र बीरबल साहनी के साथ बीते दिनों साइबर अपराधियों ने झांसा देकर 40 हजार रुपये की बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। पीड़ित ने इसकी लिखित शिकायत गत 28 अगस्त को भटनी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी जांच साइबर टीम को सौंप दी।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में भटनी थाने की साइबर टीम ने मामले पर त्वरित एक्शन लिया। टीम ने तत्काल तकनीकी जांच शुरू की और ठगी गई धनराशि को आगे ट्रांसफर होने से पहले ही होल्ड करा दिया। इसके बाद एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए ₹20,000 की राशि सफलतापूर्वक पीड़ित राकेश साहनी के बैंक खाते में वापस करा दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष बचे ₹20,000 को भी जल्द ही रिलीज कराकर पीड़ित के खाते में भेज दिया जाएगा, जिसकी कानूनी प्रक्रिया वर्तमान में जारी है।
साइबर ठगी के इस मामले को सुलझाने और रकम वापस कराने में भटनी थाने के साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, कांस्टेबल प्रदीप यादव, कांस्टेबल चन्दन सिंह यादव और रिक्रूट कांस्टेबल दीपांशु यादव की मुख्य भूमिका रही। अपनी मेहनत से गाढ़ी कमाई के पैसे वापस दिलाने वाली इस पुलिस टीम का पीड़ित ने थाने पहुंचकर भूरि-भूरि प्रशंसा की और देवरिया पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *