बैतालपुर (देवरिया)। विकास खंड बैतालपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत उधोपुर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बन रहे एक शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिरने से चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत उधोपुर की निवासी गीता देवी (पत्नी दीनानाथ प्रसाद) को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए पहली किस्त जारी की गई थी। क्षेत्र में वाटर लॉगिंग (जलभराव) की समस्या को देखते हुए लाभार्थी द्वारा शौचालय के लिए सेप्टिक टैंक का निर्माण कराया जा रहा था। हालांकि, जांच में यह बात सामने आई कि सेप्टिक टैंक का निर्माण सरकारी मानकों की धज्जियां उड़ाकर किया जा रहा था और उसका आकार तय मानक से काफी बड़ा रखा गया था। इसी निर्माण कार्य के दौरान चार साल का मासूम बच्चा अचानक टैंक में गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।
इस हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की गहनता से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव ने अपने पर्यवेक्षणीय दायित्वों का सही तरीके से पालन नहीं किया। अधिकारी द्वारा ध्यान न देने के कारण ही लाभार्थी मानकों के विपरीत इतना बड़ा गड्ढा खोदने में कामयाब रहा, जो अंततः मासूम की मौत का कारण बना।
गौरीबाजार से संबद्ध, एक महीने में मांगी जांच रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू कुमार यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबन की इस अवधि के दौरान उन्हें विकास खंड गौरीबाजार से संबद्ध किया गया है।
प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी (प्राविधिक), देवरिया को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच अधिकारी को नियमानुसार आरोप पत्र तैयार कर एक महीने के भीतर अपनी विस्तृत जांच आख्या (रिपोर्ट) प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
