अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी की हुई मैराथन बैठक

0Shares

शौचालय, पोस्ट ऑफिस जैसी बुनियादी समस्याओं के निस्तारण का मिला ठोस आश्वासन।

देवरिया। जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन और जिला प्रशासन के बीच पिछले कुछ समय से चल रहा गतिरोध सोमवार को सकारात्मक वार्ता के बाद आखिरकार पूरी तरह समाप्त हो गया। अधिवक्ताओं की मांगों और विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बार एसोसिएशन ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से पटल पर रखा।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिवक्ताओं की सभी जायज मांगों को बेहद गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिया। डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में नए शौचालय के निर्माण, पोस्ट ऑफिस की व्यवस्था सुदृढ़ करने सहित अधिवक्ताओं की अन्य बुनियादी समस्याओं को दूर करने का सकारात्मक आश्वासन दिया। प्रशासन के इस रुख के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए अपना विरोध और गतिरोध समाप्त करने की घोषणा की। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी चन्द्रेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रसाद राठौर, डीजीसी नवनीत मालवीय, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रीतम मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *