लूट के मामले में फरार शातिर शिवम उर्फ देवा गिरफ्तार, पुलिस को मिली सफलता

0Shares

गौरीबाजार (देवरिया)। खैरटिया गांव के पास मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने की वारदात में शामिल फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गौरीबाजार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार की शाम मुखबिर की सटीक सूचना पर कालाबन गांव के पास सड़क से आरोपी को दबोचा गया।
मामला गत 4 अक्टूबर की रात का है, जब बदमाशों ने ग्राम खैरटिया के पास एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (संख्या UP52AZ9641) छीन ली थी। पीड़ित की तहरीर पर गौरीबाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस सनसनीखेज वारदात का संज्ञान लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय व क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम जांच में जुटी थी। इससे पहले 6 अक्टूबर को पुलिस ने घटना का सफल अनावरण करते हुए लूटी गई बाइक, वारदात में प्रयुक्त 2 अन्य मोटरसाइकिलों के साथ 4 अभियुक्तों और 1 विधि विरुद्ध बालक को जेल भेज दिया था।
लूट की इस वारदात में शामिल कालाबन पाक टोला निवासी शिवम यादव उर्फ देवा (21 वर्ष) पुत्र रामसकल यादव पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम के कांस्टेबल आशुतोष यादव, अभिषेक यादव और धनंजय प्रताप ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे कालाबन रोड के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *