देवरिया। आगामी विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का फर्स्ट लेवल चेकिंग कार्य शुरू हुआ, जिसका जिला निर्वाचन अधिकार/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुरूप बेंगलुरु की भेल कंपनी से आए कुशल इंजीनियरों की टीम द्वारा मशीनों की चेकिंग का कार्य किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष आईकार्ड जारी किए गए हैं, जिनकी प्रत्यक्ष मौजूदगी में मशीनों की तकनीकी जांच की जा रही है। सुरक्षा और सुचिता के मद्देनजर एफएलसी कार्य की अनवरत वेबकास्टिंग भी कराई जा रही है, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग लखनऊ स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव सहित विभिन्न दलों के नेता व अधिकारी मौजूद रहे।
