डूबा पैसा वापस मिलने पर पीड़ित अमन कुशवाहा ने जताया पुलिस टीम का आभार

0Shares

खामपार (देवरिया)। ऑनलाइन जालसाजों के खिलाफ देवरिया पुलिस की मुहिम के तहत खामपार थाने की साइबर पुलिस टीम को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित की कुल ₹9,190 (नौ हजार एक सौ नब्बे रुपये) की धनराशि सीधे उसके मूल बैंक खाते में वापस करा दी है।
मामला पीड़ित अमन कुमार कुशवाहा से जुड़ा है, जो वित्तीय साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गए थे। ठगी का शिकार होने के बाद उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। मामला संज्ञान में आते ही खामपार थानाध्यक्ष बलराम सिंह के नेतृत्व में गठित साइबर टीम ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। पुलिस टीम ने संबंधित बैंकों व नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से पहले ही विभिन्न खातों में फ्रीज करा दिया। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी कर एमबीआर (Money Back Request) पोर्टल के माध्यम से राशि पीड़ित के खाते में क्रेडिट करा दी।
साइबर फ्रॉड के इस मामले को तत्परता से सुलझाकर रकम वापस दिलाने में खामपार थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक बलराम सिंह, साइबर प्रभारी प्रियांशु कुमार दूबे, आरक्षी राहुल सिंह, आरक्षी दीपक कुमार और महिला आरक्षी मंगेशलता की मुख्य भूमिका रही। अपनी डूबी गाढ़ी कमाई वापस पाकर पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, तत्काल 1930 पर कॉल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *