भाटपाररानी (देवरिया)। भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के प्रतापपुर में दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित करने को लेकर दी गई एक शिकायत प्रशासनिक जांच के बाद बेबुनियाद पाई गई है। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) भाटपाररानी दीपराज सिंह द्वारा कराई गई जांच में स्पष्ट हुआ है कि पंडाल किसी की निजी भूमि पर नहीं, बल्कि चीनी मिल की जमीन पर अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार लगाया जा रहा है।
प्रतापपुर (ग्राम रामपुर) निवासी नीलम वर्मा पत्नी राकेश कुमार वर्मा ने गत 8 अक्टूबर को शिकायत की थी कि उनकी निजी भूमि पर उनकी बिना अनुमति के दुर्गा पूजा पंडाल लगाया जा रहा है, जिससे विवाद की आशंका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर टीम भेजकर जांच कराई। जांच में पाया गया कि संबंधित स्थल प्रतापपुर चीनी मिल की भूमि में स्थित है, जहां वर्षों से परंपरागत ढंग से दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किया जाता रहा है। इस आयोजन को लेकर चीनी मिल प्रबंधन या किसी अन्य पक्ष को कोई आपत्ति नहीं है। एसडीएम दीपराज सिंह ने बताया कि पुरानी परंपरा के आधार पर इस धार्मिक गतिविधि में प्रशासनिक हस्तक्षेप उचित नहीं है, जिसकी जानकारी आवेदिका को दे दी गई है। हालांकि, आयोजकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) का प्रयोग निर्धारित डेसिबल मानकों के अनुरूप ही करने की सख्त हिदायत दी गई है।
