गायब मिले शिक्षक, आंगनबाड़ी में कागजों पर 40 बच्चे, मौके पर मिले सिर्फ 10

0Shares

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को बढ़या बुजुर्ग स्थित प्राथमिक विद्यालय, कम्पोजिट विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं में बड़ी खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने जब कम्पोजिट विद्यालय बढ़या बुजुर्ग का रुख किया, तो वहां छात्र तो उपस्थित मिले लेकिन शिक्षक मौके से गायब थे। अनुपस्थित शिक्षकों के इस रवैये पर सख्त नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की नियमित निगरानी करने को कहा। वहीं, प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक और बच्चे उपस्थित पाए गए, जहां उन्होंने डिजिटल उपस्थिति, खेलकूद रजिस्टर और एमडीएम का जायजा लिया।
आंगनबाड़ी केंद्र पर फर्जीवाड़ा, 40 में से मिले सिर्फ 10 बच्चे
इसके बाद जिलाधिकारी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। वहां अभिलेखों (रजिस्टर) में तो 40 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी, लेकिन मौके पर धरातल पर मात्र 10 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। इस बड़े अंतर और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिका को समन्वय बनाकर वास्तविक उपस्थिति बढ़ाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) को केंद्रों की नियमित चेकिंग करने तथा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *