गौरीबाजार (देवरिया)। ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाजों के खिलाफ देवरिया पुलिस की मुहिम लगातार रंग ला रही है। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत गौरीबाजार थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने बुधवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित के ₹41,961 (इकतालीस हजार नौ सौ इकसठ रुपये) सफलतापूर्वक उसके बैंक खाते में वापस (क्रेडिट) करा दिए हैं।
मामला गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर निवासी मो. सैयद सिद्दकी पुत्र मो. हनीस सिद्दकी से जुड़ा है। साइबर अपराधियों ने झांसा देकर उनके खाते से एक बड़ी रकम उड़ा दी थी। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। मामला संज्ञान में आते ही गौरीबाजार साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शुभम पाठक के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल संबंधित बैंकों व वित्तीय नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से पहले ही होल्ड कराया और विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे वापस दिलाया।
