बरहज (देवरिया)। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0’ के तहत बुधवार को एक बेहद मानवीय और संवेदनात्मक पहल देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में पुलिस विभाग की महिला अधिकारियों की टीम ने जनपद के वन स्टॉप सेंटर (आशा ज्योति केंद्र), नारी संरक्षण गृह और आश्रय गृह का भावपूर्ण भ्रमण किया। इस दौरान वहां रह रही बेसहारा व असहाय महिलाओं और बालिकाओं के बीच खुशियां बांटी गईं।
क्षेत्राधिकारी (बरहज) श्रीमती रंजना सचान, महिला थानाध्यक्ष श्रीमती पूनम यादव और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन इकाई की प्रभारी श्रीमती कोमल पाण्डेय ने आश्रय गृहों में रह रही महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आगामी दीपावली पर्व की अग्रिम बधाई देते हुए मिष्ठान, खाद्य सामग्री, वस्त्र और त्योहार से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया। पुलिस के इस आत्मीय और अपनत्व भरे व्यवहार से आश्रय गृह में रह रही महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई।
मुसीबत में चुप न रहें, पुलिस को बताएं अपनी समस्या
संवाद के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों ने आश्रय गृह की संवासिनियों को उनकी सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति सजग किया। अधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या छेड़छाड़ की स्थिति में चुप रहने के बजाय तुरंत पुलिस एवं संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वूमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), महिला हेल्पलाइन (181) और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) जैसी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
