शराब तस्करों का दुस्साहस, सकलडीहा थानाध्यक्ष की गाड़ी में मारी टक्कर, बाल-बाल बचे थानाध्यक्ष

0Shares

चन्दौली। शराब तस्करों ने सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद की गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में थानाध्यक्ष और हमराही बाल-बाल बच गए। बिहार बॉर्डर के पास नाकेबंदी के दौरान तस्कर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद की गाड़ी को तस्करों ने टक्कर मारी जिले में शराब तस्करों के हौसले बुलंद नजर आए। तस्करों को रोकने के दौरान सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद की गाड़ी को तस्करों ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी नाली से टकरा गई और उसका एक पहिया टूटकर अलग हो गया। हादसे में थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद समेत उनके हमराही बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि शराब तस्करों का वाहन भोपौली की तरफ से सकलडीहा होते हुए गुजर रहा है। सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद पुलिस टीम के साथ तस्करों को रोकने के लिए सक्रिय हो गए। इसी दौरान चन्दौली-सैदपुर स्टेट हाईवे पर भोजपुर के समीप तस्करों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि तस्करों ने चन्दौली में भी पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर भागने का प्रयास किया। तीन थानों की पुलिस को चकमा देते हुए तस्कर लगातार भागने की कोशिश करते रहे। इसके बाद सैयदराजा थाना क्षेत्र में बिहार बॉर्डर के समीप हाईवे पर नाकेबंदी की गई। पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर अपना वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में बाहर की तरफ कंबल और गत्ता रखकर अंदर शराब छिपाई गई थी, ताकि तस्करी के दौरान पुलिस को शक न हो। हालांकि, ट्रक में शराब की मात्रा और तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल थानाध्यक्ष ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *