25 हजार का इनामी गो-तस्कर शबरुद्दीन उर्फ दलाल गिरफ्तार,

0Shares

बनकटा( देवरिया): जनपद की बनकटा थाना पुलिस ने गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी गो-तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को राजेंद्र महाविद्यालय बनकटिया दूबे के पास से दबोच लिया।
सितंबर से फरार चल रहा था आरोपी
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों और गो-तस्करों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा पुलिस की टीम क्षेत्र में मुस्तैद थी।
बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के मामले में वांछित चल रहा इनामी अपराधी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजेंद्र महाविद्यालय के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान शबरुद्दीन उर्फ दलाल (उम्र करीब 40 वर्ष), पुत्र स्व. भरत, निवासी ग्राम रामपुर बुजुर्ग, थाना बनकटा, देवरिया के रूप में हुई है।
घोषित था 25 हजार का इनाम, पुराना आपराधिक इतिहास
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि शबरुद्दीन के खिलाफ बीते 8 सितंबर 2026 को बनकटा थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (मु.अ.सं. 211/2026) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से वह फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पकड़े गए आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भी बनकटा थाने में गो-तस्करी का मुकदमा दर्ज पाया गया है।
इनामी तस्कर को दबोचने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य के साथ उपनिरीक्षक संतोष कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल अंकित उपाध्याय और रिक्रूट कांस्टेबल शैलेंद्र यादव शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *