देवरिया । मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामपुर कारखाना की छात्राओं ने एक दिन के लिए प्रशासनिक और शैक्षिक अधिकारियों की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान छात्राओं ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की दक्षता विकसित करना है।
छात्रा अनन्या यादव ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की भूमिका निभाई। वहीं वाटिका ने सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, विजय लक्ष्मी ने खंड शिक्षा अधिकारी और करिश्मा ने जिला समन्वयक बालिका शिक्षा की जिम्मेदारी संभाली। अन्य छात्राओं ने भी विभिन्न विकासखंडों में खंड शिक्षा अधिकारी की भूमिका निभाकर शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया जानी।
वित्तीय प्रबंधन की भी ली जानकारी
बीएसए की भूमिका निभा रहीं अनन्या यादव ने विभागीय वित्तीय व्यवस्था, समग्र शिक्षा अभियान की धनराशि, स्कूल प्रबंधन समिति के खातों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के मानदेय और कर्मचारियों के भुगतान से संबंधित जानकारी ली। छात्राओं ने खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन और मेडिकल देयकों के निस्तारण की प्रक्रिया को भी समझा। इससे उन्हें प्रशासनिक निर्णय लेने और विभागीय जवाबदेही का व्यावहारिक अनुभव मिला।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राम जियावन मौर्य ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मनिर्भर एवं नेतृत्वकर्ता बनाना भी है। इस तरह की गतिविधियां उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी देवरिया सदर देव मुनि वर्मा उपस्थित रहे।
