एचआईवी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए चिकित्साधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

0Shares

देवरिया । राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के धन्वंतरि सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चिकित्साधिकारियों को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय से पहचान, जांच और उपचार के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले में एचआईवी सेवाओं को बेहतर बनाना और कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में उन्होंने कहा कि एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाने के साथ मरीजों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराना जरूरी है।
मास्टर ट्रेनर डा. नीतू गुप्ता ने एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव रोकने और उनके अधिकारों के संरक्षण पर जोर दिया। चिकित्साधिकारियों को एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी (एआरटी), वायरल लोड की निगरानी और मरीजों को उपचार से जोड़ने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यशाला में एचआईवी और टीबी सेवाओं के एकीकरण, मरीजों के रेफरल तथा नियमित फॉलोअप पर चर्चा हुई। कैपेसिटी बिल्डिंग एक्सपर्ट राजीव रंजन, नीरज श्रीवास्तव, डा. नीतीश राय और उपेंद्र ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया। अंत में प्रशिक्षण के प्रभाव का आकलन करने के लिए प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया और फीडबैक लिया गया।
इस अवसर पर एसीएमओ डा. अजीत सिंह, डीटीओ डा. राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डा. अश्विनी पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्साधिकारी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *