देवरिया, । आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिले में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य शुरू है। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने एफएलसी कार्य का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जांच प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं के अनुसार पूरी की जाएं। ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जांच में लगे अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखें।
उन्होंने निर्देश दिया कि एफएलसी के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। जांच प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराई जा रही है, ताकि निर्वाचन संबंधी तैयारियों में पारदर्शिता बनी रहे और सभी निर्धारित मानकों का अनुपालन हो सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन की तैयारियों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
