पारिवारिक कलह में बड़ी मां की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

0Shares

लार (देवरिया), । लार थाना क्षेत्र के नेमा गांव में पारिवारिक कलह के चलते बड़ी मां की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने गुरुवार को युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का हत्था लगा दांतेदार पहिया भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित बिहार भागने की फिराक में था। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, नेमा गांव निवासी वकील राजभर ने 10 अक्टूबर को लार थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पत्नी सुभावती देवी के सिर पर रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने वार कर दिया है। गंभीर रूप से घायल सुभावती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाकर आरोपित की तलाश शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान गांव के ही प्रकाश राजभर (25) पुत्र सूरज राजभर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को रेवली चौराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर अपनी बड़ी मां सुभावती देवी के सिर पर वार करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर ग्राम नेमा में मझवलिया बाड़ी के पास धान के खेत से वारदात में प्रयुक्त दांतेदार पहिया बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में लार पुलिस ने की।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल: प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, कांस्टेबल अजय सिंह और कांस्टेबल रवि कन्नौजिया शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *