सुजौली थाने में मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत सम्मान व फीडबैक कार्यक्रम आयोजित

0Shares

थानाध्यक्ष राम गोविन्द वर्मा ने सुलह वाले दंपतियों को किया सम्मानित।

 

मिहींपुरवा/ बहराइच। उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत थाना सुजौली परिसर में एक दिवसीय सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राम गोविन्द वर्मा ने की।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष राम गोविन्द वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना और पारिवारिक विवादों को टूटने से बचाना है। उन्होंने बताया कि थाना सुजौली स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर पिछले महीनों में आए पति-पत्नी के विवादों को काउंसलिंग के जरिए सुलह-समझौते से निस्तारित किया गया था।
कार्यक्रम में ऐसे ही सफल निस्तारित प्रकरणों से जुड़े 15 दंपतियों को उनके अभिभावकों सहित आमंत्रित किया गया। थानाध्यक्ष राम गोविन्द वर्मा व मिशन शक्ति टीम ने सभी से बारी-बारी से फीडबैक लिया। उपस्थित महिलाओं ने बताया कि समझौते के बाद उनका वैवाहिक जीवन खुशहाल चल रहा है और अब घर में विवाद की स्थिति नहीं है। कई पुरुषों ने भी माना कि पुलिस की काउंसलिंग से उन्हें अपनी गलतियों का एहसास हुआ।
इस दौरान थानाध्यक्ष राम गोविन्द वर्मा द्वारा सभी दंपतियों को माला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया गया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर परिवार तोड़ना समाधान नहीं है, संवाद से हर समस्या हल हो सकती है।
कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष राम गोविन्द वर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं व ग्रामीणों को 1090, 112, 181, 1076 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *