खामपार (देवरिया)। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और मारपीट के मामले में वांछित आरोपित को खामपार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, खामपार थाना क्षेत्र की एक युवती ने 13 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हरेकृष्ण यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खामपार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विगत रात्रि बनकटा शंभू चौराहे के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरेकृष्ण यादव (22) पुत्र रामलाल यादव, निवासी केहुनिया, थाना खामपार, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।
कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शंभू दयाल मिश्र, कांस्टेबल अजय भारती और रिजर्व कांस्टेबल रामभरत बिंद शामिल रहे। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
