भिंगारी ओवरब्रिज पर पुलिस को वाहन से कुचलने का प्रयास,
खामपार (देवरिया)। बिहार में अवैध रूप से बेचने के लिए ले जाई जा रही देशी शराब की खेप खामपार पुलिस ने शुक्रवार की भोर में पकड़ी। भिंगारी ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बोलेरो से पांच पेटी देशी शराब बरामद कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वाहन रोकने के प्रयास पर चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की और बैरियर तोड़कर भागने लगा। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। भागने के प्रयास में बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर में फंस गई, जिसके बाद पुलिस ने वाहन सवार चारों लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की भोर में भिंगारी बाजार में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो में अवैध देशी शराब लेकर बिहार की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भिंगारी ओवरब्रिज के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की और बैरियर तोड़कर भागने लगा। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी चोटिल हो गया। भागते समय वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर में फंस गया। पुलिस टीम ने चालक समेत चार लोगों को पकड़कर बोलेरो की तलाशी ली, जिसमें पांच पेटी देशी शराब बरामद हुई।
बिहार में बेचकर मुनाफा कमाने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में बन्टी-बबली ब्रांड के 200 मिलीलीटर के पाउच थे। इनकी कुल मात्रा करीब 45 लीटर बताई गई है। पूछताछ में आरोपितों ने शराब बिहार ले जाकर अवैध रूप से बेचने और मुनाफा कमाने की बात बताई। पुलिस ने बोलेरो को भी कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के सिवान जिले के धनौती थाना क्षेत्र के चनऊर तकिया निवासी मो. हसमत खां (52) और बशीर खां (75), मैरवा थाना क्षेत्र के विजयीपुर मोड़ निवासी रितेश राम (45) तथा देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र के सवरेजी निवासी इम्तियाज अंसारी (45) के रूप में हुई है।
एक आरोपित का आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस के अनुसार, इम्तियाज अंसारी के खिलाफ वर्ष 2023 में भाटपार रानी थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। शराब बरामदगी और गिरफ्तारी के मामले में खामपार थाने में मु0अ0सं0 234/2026 के तहत बीएनएस की धारा 61(2)(ए), 109(1) तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल अम्ब्रेश राव गौतम, अशोक यादव, संजय कुमार यादव तथा कांस्टेबल कृष्णदेव चौहान और दीपक कुमार शामिल रहे।
