कक्षा नौ की छात्रा उन्नति गुप्ता बनीं एक दिन की थाना प्रभारी

0Shares

रुद्रपुर (देवरिया)। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को थाना रुद्रपुर में एक अनूठी पहल की गई। एलबीआर स्कूल, जोत खजुहा, पिडरा रोड की कक्षा नौ की मेधावी छात्रा उन्नति गुप्ता को एक दिन के लिए सांकेतिक रूप से थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में पुलिस की भूमिका की जानकारी प्राप्त की।
बरई टोला वार्ड, रुद्रपुर निवासी मनोज कुमार गुप्ता की पुत्री उन्नति गुप्ता को यह अवसर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना रहा।
थाना प्रभारी की सांकेतिक जिम्मेदारी मिलने पर छात्रा को थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस के दायित्वों तथा पीड़ितों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। उसे बताया गया कि पुलिस किस प्रकार नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्य करती है। साथ ही जनसेवा में संवेदनशीलता, अनुशासन और जिम्मेदारी के महत्व की जानकारी भी दी गई।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें भविष्य में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। इस तरह के कार्यक्रमों से बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने में भी मदद मिलती है।
देवरिया पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस ने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर कल्याण सिंह सागर, मिशन शक्ति प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ला, महिला आरक्षी कंचन यादव, महिला आरक्षी रीत प्रजापति सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *