सलेमपुर (देवरिया)। दशहरा पर्व पर शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सलेमपुर क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। 19 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से विभिन्न स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए पुलिस की ओर से नौ स्थानों पर बैरियर प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। कुछ मार्गों पर 22 अक्टूबर की सुबह छह बजे तक, जबकि मझौलीराज की ओर जाने वाले मार्गों पर 23 अक्टूबर की सुबह आठ बजे तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।
पुलिस की ओर से जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार, भरथुआ बैरियर प्वाइंट पर देवरिया की तरफ से आने वाले छोटे और भारी वाहनों को भटनी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन पड़री बाजार, चांदपार और साहोपार होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। सलेमपुर की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हाइडिल मोड़, चेरो तिराहा (रैनाथ डिग्री कॉलेज के पास), सोहनाग मोड़ पेट्रोल पंप बाइपास और प्रजापति मोड़ पर भी छोटे-बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इन स्थानों पर 19 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से 22 अक्टूबर को सुबह छह बजे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
नवलपुर पुलिस चौकी के सामने लार की तरफ से आने वाले वाहनों को मईल की ओर तथा मईल की तरफ से आने वाले वाहनों को लार बाइपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सलेमपुर की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
दीर्घदेश्वर नाथ मंदिर मोड़ और बड़वा टोला तिराहे पर भी सख्ती रहेगी। दीर्घदेश्वर नाथ मंदिर मोड़ पर 19 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से 23 अक्टूबर की सुबह आठ बजे तक छोटे-बड़े वाहनों को मोड़ से पहले ही रोक दिया जाएगा। मझौलीराज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, बड़वा टोला तिराहे पर प्यासी पुल की ओर से आने वाले वाहनों को रोका जाएगा। भाटपाररानी तहसील की तरफ से आने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। यहां से मझौलीराज और सलेमपुर की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
एंबुलेंस के लिए बनेगा वैकल्पिक रास्ता
यातायात प्रतिबंध के दौरान एंबुलेंस के आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। एंबुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर से रेलवे ढाला क्रॉसिंग होते हुए आजाद नर्सिंग होम और नगर पंचायत कार्यालय के रास्ते ओवरब्रिज से निकाला जाएगा। ओवरब्रिज से कोतवाली गेट तक पुलिस की मदद से एंबुलेंस को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
देवरिया पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि दशहरा पर्व के दौरान निर्धारित यातायात प्रतिबंधों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए यातायात नियमों का पालन करना और पुलिस का सहयोग करना जरूरी है।
