बबुरी (चन्दौली)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बबुरी कस्बा स्थित मां शीतला स्पोर्टिग क्लब द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा का भव्य और आकर्षक पंडाल बनाया गया है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्लब के सदस्यों द्वारा कड़ी मेहनत से पंडाल को भव्य रूप दिया गया है। पंडाल में आकर्षक लाइटिंग, सुंदर सजावट और माता रानी की मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसे देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि यहां नौ दिनों तक विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी क्लब द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। मां शीतला स्पोर्टिग क्लब द्वारा किया गया यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि आपसी भाईचारे और एकता को भी बढ़ावा देता है।
