साइबर ठगी के 15,500 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए

0Shares

सुरौली (देवरिया,)। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को देवरिया पुलिस ने राहत दिलाई है। सुरौली थाने की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 15,500 रुपये उसके बैंक खाते में वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, सुरौली थाना क्षेत्र के जोकहा खास निवासी संजय यादव ने साइबर ठगी के संबंध में छह सितंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम को होल्ड कराया। इसके बाद मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) पोर्टल के माध्यम से आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर 15,500 रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। रकम वापस मिलने पर संजय यादव ने सुरौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षी इमरान अंसारी और आरक्षी जसवंत यादव शामिल रहे।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें फोन
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके साथ ही www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *