महिला पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता, बच्ची को पिता के सुपुर्द किया
देवरिया । कोतवाली क्षेत्र में 18 अक्टूबर को मेला देखने आई पांच वर्षीय बालिका अनन्या भीड़ के बीच अपने परिजनों से बिछड़ गई। इसकी जानकारी मिलने पर सक्रिय हुई महिला पुलिस टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों की तत्परता से बालिका को सकुशल उसके परिवार से मिला दिया गया।
पुलिस ने आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके पिता अनिल जायसवाल, निवासी गरुलपार, के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, महिला उपनिरीक्षक रेखा यादव, महिला आरक्षी रेखा, दृप्ति पटेल और करिश्मा सिंह शामिल रहीं।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
देवरिया पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि मेले, पूजा पंडालों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। बच्चों को अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर याद कराएं, ताकि बिछड़ने की स्थिति में उन्हें परिजनों तक पहुंचाने में मदद मिल सके। किसी बच्चे के बिछड़ने या लावारिस अवस्था में मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी अथवा डायल-112 पर सूचना दें।
