रुद्रपुर (देवरिया)। शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने पुलिस बल के साथ रुद्रपुर थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने पूजा पंडालों में पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रवेश और निकास मार्गों, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और महिला सुरक्षा के इंतजाम भी परखे। पंडालों के प्रवेश और निकास मार्गों को अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए, ताकि भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एएसपी ने पंडाल आयोजकों और पुजारियों से संवाद कर सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने विद्युत तारों और उपकरणों को सुरक्षित रखने, अग्निशमन उपकरणों को तैयार रखने तथा स्वयंसेवकों को सतर्क रहने को कहा। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पंडालों और आसपास के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त व चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सक्रिय रहने तथा संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और पंडालों के आसपास अनावश्यक वाहनों की पार्किंग रोकने के निर्देश दिए।
एएसपी ने पुलिसकर्मियों को नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता से ड्यूटी करने को कहा। देवरिया पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और उन्हें प्रसारित नहीं करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा डायल-112 पर सूचना देने को कहा गया है।
