देवरिया, । दुर्गा पूजा के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर अनिमेष वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी सदर ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूजा समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सोनूघाट से सिविल लाइन और हनुमान मंदिर सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जानकारी ली। इसके बाद मूर्ति विसर्जन स्थल पटनवा पुल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित लोगों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूजा समितियों को शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से दुर्गा पूजा का पर्व आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने का आग्रह किया।
