कपरवार में दुर्गा पूजा पंडालों का एसडीएम और सीओ ने किया निरीक्षण

0Shares

बरहज (देवरिया)। शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को उपजिलाधिकारी बरहज और क्षेत्राधिकारी रंजना सचान ने कपरवार क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों से बातचीत कर पर्व को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने पंडालों में पर्याप्त रोशनी, विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन के उचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवेश और निकास मार्गों को सुगम रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन के लिए स्वयंसेवकों को सक्रिय रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *