सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
रुद्रपुर, (देवरिया)। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के मद्देनजर रविवार को रुद्रपुर में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त कर दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पंडाल संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर राजकुमार गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक ने संयुक्त रूप से पैदल गश्त की। अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान पंडाल संचालकों को सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन-पूजन कर सकें।
प्रशासन और पुलिस की ओर से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
